ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं के साथ की पीस कमेटी की बैठक, सुरक्षा व सुविधाओं पर दिये सख्त निर्देश।

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश

Rampur: आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा की संयुक्त अध्यक्षता में जनपद के धर्मगुरुओं, मंदिरों के महंतों एवं विभिन्न क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में भमरौआ, पंजाब नगर, रठौंडा मंदिर सहित विभिन्न प्राचीन शिव मंदिरों के धर्मगुरुओं ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित सुझाव एवं समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर व्यापक साफ-सफाई कराई जाए, कंटीली झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित हो तथा श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित स्थानों पर पेयजल, विश्राम एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाए। विद्युत विभाग को सभी ढीले एवं खुले बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा लोक निर्माण विभाग को मुख्य मार्गों से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार टेबल-टॉप स्पीड ब्रेकर बनाने एवं सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवश्यकता अनुसार कांवड़ मार्गों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में प्राप्त सभी सुझावों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकाली जाए। डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे तथा स्पीकर वाहन से बाहर की ओर न लगाए जाएं। स्पीकर की ध्वनि भी निर्धारित सीमा में रखी जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि तत्काल समस्या का निस्तारण कराया जा सके। अपने स्तर पर कोई निर्णय न लें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद से हरिद्वार, बृजघाट एवं अन्य स्थानों से जल लेने जाने वाले कांवड़ जत्थों व कांवड़ियों के परिचय पत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही एक विशेष ट्रैकिंग ऐप के माध्यम से उनकी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे उनकी लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर की समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी मांस एवं शराब की दुकानें नियमानुसार बंद रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न धर्मगुरु, मंदिर समितियों के प्रतिनिधि एवं जनपद के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button