Uttar Pradesh News फतेहपुर में ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ अभियान: 39 वाहनों के ई-चालान, ₹2.80 लाख का जुर्माना

रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियान “ड्रंक एंड ड्राइव” के तहत 5 जुलाई 2026 की रात जनपद के विभिन्न टोल प्लाजाओं पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

जिंदपुर टोल प्लाजा (बहुआ) पर यातायात प्रभारी निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव एवं थाना ललौली की सीसी टीम-1 के प्रभारी उपनिरीक्षक एरिस पटेल ने संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग की। वहीं बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई अनिल कुमार एवं थाना कल्याणपुर की सीसी टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक संजय सरोज ने अभियान चलाया। इसके अलावा काटोघन टोल प्लाजा पर थाना खागा की सीसी टीम के प्रभारी कृष्ण कुमार यादव एवं टीएसआई बृजेश कुमार तिवारी ने सघन चेकिंग करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध 17 ई-चालान करते हुए ₹1,70,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट के मालवाहक वाहनों के विरुद्ध 22 ई-चालान कर ₹1,10,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इस प्रकार कुल 39 ई-चालान कर ₹2,80,000 का जुर्माना वसूला गया। फतेहपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा वाहन पर वैध नंबर प्लेट और आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।




Subscribe to my channel