Jharkhand News बलियापुर में नाइट गार्ड हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक को भेजा गया जेल
शराब पीने से रोकने पर हुई थी नाइट गार्ड की हत्या, पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज वारदात
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
बलियापुर: धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में नाइट गार्ड अजीत रवानी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी प्रकाश चन्द्र महतो ने बताया कि मामले के अनुसंधान के दौरान हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है और एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। डीएसपी ने बताया कि 7 जून से लापता आमझर स्थित श्री इंडस्ट्रीज के नाइट गार्ड अजीत रवानी का शव बाद में गोलमारा चारकोनिया तालाब के समीप बरामद हुआ था। जांच के दौरान रेलवे कंस्ट्रक्शन साइडिंग के कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने प्लांट के मुंशी हराधन महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना की रात नाइट गार्ड अजीत रवानी और गाजेन महतो ने रेलवे साइडिंग के कुछ कर्मचारियों को शराब पीने से रोका था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने लोहे की रॉड से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में अजीत रवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाजेन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी बाघमारा डुमरा निवासी राजकुमार उर्फ राजा को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस हत्याकांड के खुलासे में सिंदरी इंस्पेक्टर नूतन मोदी, बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई महेश्वर महतो, एसआई शिव शंकर उरांव एवं एसआई अशोक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




Subscribe to my channel