Jharkhand News धनबाद स्टेशन पर RPF का ऑपरेशन ‘सतर्क’ सफल, 12 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
CCTV की 'तीसरी आंख' बनी तस्कर की दुश्मन, गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से बिहार ले जाई जा रही शराब बरामद

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: पूर्व मध्य रेल के हाजीपुर मंडल अंतर्गत धनबाद रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को 12 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धनबाद स्टेशन पर CCTV निगरानी और स्पेशल टास्क टीम की सतर्कता के चलते संभव हो सकी। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक द्वारा गठित स्पेशल टास्क टीम 5-6 जुलाई 2026 की रात धनबाद स्टेशन पर गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान CCTV मॉनिटरिंग कर रहे जवान ने प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर एक संदिग्ध व्यक्ति की सूचना दी, जिसके पास एक काला पिट्ठू बैग और एक हैंड बैग था।

सूचना मिलते ही टीम ने रात 11:18 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर कालका छोर स्थित फुटओवर ब्रिज के पास संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान वैभव कुमार (35 वर्ष), निवासी सोनहू, जिला जमुई (बिहार) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके बैग से कुल 16 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 10 बोतल रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की और 6 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड अल्ट्रा प्रीमियम व्हिस्की शामिल थीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 12,000 मिलीलीटर तथा अनुमानित कीमत 14,120 रुपये आंकी गई। सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal” अंकित था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल के बराकर से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से पटना जा रहा था। RPF ने आरोपी को विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए गिरफ्तार किया, उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी तथा जब्त शराब के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सुपुर्द कर दिया।




Subscribe to my channel