Jharkhand News जीवन संस्थान ने दिव्यांगजनों को बांटे आधुनिक सहायक उपकरण, समाजसेवा का दिया प्रेरक संदेश
व्हीलचेयर से मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल तक का वितरण, दिव्यांगजनों के जीवन को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: बस्ताकोला गौशाला मोड़ स्थित जीवन संस्थान द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से आधुनिक सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, हियरिंग एड, ब्लाइंड स्टिक, बैसाखी, सीपी चेयर, टीएलएम किट सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह में डालसा के सुमन पाठक एवं शैलेन्द्र झा, लंबा सफर के प्रभारी ओम शर्मा, समाजसेवी अनिल नोनिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। आधुनिक सहायक उपकरण न केवल उनकी दैनिक जिंदगी को आसान बनाते हैं, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने जीवन संस्थान के संस्थापक, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् अनिल कुमार सिंह की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी संस्था इसी तरह समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए सेवा कार्य करती रहेगी। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और रोजमर्रा के कार्यों को करने में काफी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम का समापन समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण के संदेश के साथ हुआ।



Subscribe to my channel