ब्रेकिंग न्यूज़

Udham Singh Nagar News ऊधम सिंह नगर में दर्दनाक हादसा: भिड़ंत के बाद धधके वाहन, दो युवकों की मौत

रिपोर्टर दीपक सिंह दानू उधम सिंह नगर

सितारगंज : ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सितारगंज-टनकपुर नेशनल हाईवे पर बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास एक टैक्सी कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार और बाइक दोनों की रफ्तार तेज थी और सीधी टक्कर के बाद अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। बताया जा रहा है कि टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी, जिससे टक्कर के बाद गैस लीक होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए बाइक सवार दोनों युवकों को जलती हुई आग की लपटों के बीच से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई। दोनों घायलों को उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टैक्सी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। उधर, कार में लगी आग के कारण सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया। एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि मृतकों के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिसके चलते उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button