Jharkhand News डिजिटल बिरसा कृषि रथ को डीडीसी ने दिखाई हरी झंडी, 15 दिनों तक गांव-गांव पहुंचाएगा खेती की नई तकनीक
कम बारिश के बीच किसानों को मिलेगा वैज्ञानिक मार्गदर्शन, सभी पंचायतों का भ्रमण करेगा बिरसा कृषि रथ

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद, 1 जुलाई। किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने और सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने समाहरणालय परिसर से डिजिटल बिरसा कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ अगले 15 दिनों तक जिले के सभी प्रखंडों की सभी पंचायतों में भ्रमण कर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिक सलाह से अवगत कराएगा। इस अवसर पर डीडीसी ने कहा कि इस वर्ष सुपर अल-नीनो के प्रभाव के कारण कम वर्षा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में किसानों तक सही फसल चयन और वैज्ञानिक कृषि सलाह पहुंचाना बेहद जरूरी है। बिरसा कृषि रथ का उद्देश्य इसी जानकारी को खेत-खलिहानों तक पहुंचाना है, ताकि किसान बदलते मौसम के अनुरूप खेती की रणनीति अपनाकर नुकसान से बच सकें।

उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम रथ के साथ ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करेगी। इस दौरान किसानों को मिट्टी जांच, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग सहित उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें तकनीकी सलाह भी उपलब्ध कराई जाएगी। रथ के माध्यम से किसानों को बिरसा हरित ग्राम योजना समेत राज्य सरकार की विभिन्न कृषि एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री का किसानों के नाम संदेश भी प्रसारित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक किसान तक योजनाओं की सही और समय पर जानकारी पहुंच सके। डीडीसी ने कहा कि बिरसा कृषि रथ केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि किसानों और कृषि विभाग के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी प्रयास है। उन्होंने विश्वास जताया कि उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि कर सकेंगे।




Subscribe to my channel