Jharkhand News धनबाद वाशिंग पीट से रेलवे कोच के 10 स्टील नल चोरी करते आउटसोर्सिंग कर्मी गिरफ्तार
नशे के लिए चोरी की वारदात, कबाड़ी को बेचने से पहले RPF ने रंगे हाथ दबोचा

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेल संपत्ति की चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आउटसोर्सिंग स्टाफ को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से रेलवे कोच के बाथरूम में इस्तेमाल होने वाले 10 स्टील के ग्रेविटी कॉक (नल) बरामद किए गए हैं। RPF के अनुसार 30 जून 2026 को गश्त के दौरान धनबाद यार्ड के वाशिंग पीट के पास हावड़ा छोर की ओर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से रेलवे कैरेज एवं वैगन विभाग के 10 स्टील नल बरामद हुए, जिन्हें वह चोरी कर ले जा रहा था। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत 1,210 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान दुर्गा बांसफोर (42 वर्ष), निवासी पुराना स्टेशन धोबिया तालाब, थाना धनसार, धनबाद के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह पिछले एक वर्ष से King Security Guard Service Pvt. Ltd. के माध्यम से धनबाद वाशिंग पीट में आउटसोर्सिंग स्टाफ के रूप में सफाई का कार्य कर रहा था। आरोपी ने बताया कि नशे के लिए पैसे खत्म हो जाने पर उसने लालच में आकर रेलवे कोच से नल चोरी किए और उन्हें रंगाटांड़ स्थित एक कबाड़ी की दुकान में बेचने की योजना बनाई थी। आरोपी की निशानदेही पर RPF की टीम रंगाटांड़ स्थित कबाड़ी की दुकान भी पहुंची, लेकिन वहां से रेलवे की कोई चोरी की संपत्ति बरामद नहीं हुई। इसके बाद शून्य जब्ती की कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक पालिक मिंज की लिखित शिकायत के आधार पर RPF पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 16/26 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मनीषा कुमारी को सौंपी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। RPF के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इस मामले से पहले रेलवे सुरक्षा बल में कोई अन्य आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।




Subscribe to my channel