Jharkhand News धनबाद के आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेगा नया ठिकाना, स्कूल परिसरों में होंगे स्थानांतरित
डीडीसी सन्नी राज की समीक्षा बैठक, बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं हर आंगनवाड़ी में सुनिश्चित करने के निर्देश

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद, 1 जुलाई: बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसी कड़ी में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने बुधवार को आंगनवाड़ी केंद्रों को निकटवर्ती सरकारी विद्यालय परिसरों में स्थानांतरित करने की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिन केंद्रों में अब तक बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल कनेक्शन लेने की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही प्रत्येक केंद्र में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था भी हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला हैं। ऐसे में बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जेबीवीएनएल के कार्यकारी विद्युत अभियंता शिवेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel