ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News धनबाद स्टेशन पर मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, 13 वर्षीय बालक को बचाया गया, एक गिरफ्तार

ऑपरेशन AAHT की बड़ी सफलता: रायचूर ले जाए जा रहे नाबालिग को RPF-GRP ने कराया मुक्त, ठेकेदार की तलाश जारी

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

धनबाद। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में चलाए जा रहे ऑपरेशन AAHT (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, सीआईबी और चाइल्ड हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 13 वर्षीय नाबालिग बच्चे को मानव तस्करी का शिकार होने से बचा लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य ठेकेदार फरार है। रेल अधिकारियों के अनुसार 29 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 17322 वास्कोडिगामा एक्सप्रेस के सामान्य कोच में एक नाबालिग बच्चे को जोखिमपूर्ण कार्य कराने के लिए कर्नाटक ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर पहुंची ट्रेन की तलाशी ली। जांच के दौरान पीछे से दूसरे जनरल कोच में एक नाबालिग बालक को एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि उसे उसके परिजनों को बिना बताए काम कराने के लिए रायचूर (कर्नाटक) ले जाया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी रंजीत साहनी (31 वर्ष) ने पूछताछ में स्वीकार किया कि रायचूर में ठेकेदारी करने वाला बब्लू साहनी मजदूरों की मांग कर रहा था। मजदूर नहीं मिलने पर उसने अपने ही गांव के 13 वर्षीय बच्चे को पैसों का लालच देकर साथ ले लिया। उसने यह भी बताया कि मजदूरों को प्रतिमाह 15 हजार रुपये मिलते हैं तथा मजदूर ले जाने के एवज में उसे कमीशन मिलता था। आरोपी के पास से जसीडीह से रायचूर तक का जनरल टिकट बरामद किया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन की सुपरवाइजर पूजा कुमारी की लिखित शिकायत पर धनबाद जीआरपी थाना में कांड संख्या 139/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(4) में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक सुमेश्वर पासवान को सौंपी गई है। मुक्त कराए गए बच्चे की पहचान राकेश कुमार (13 वर्ष), निवासी सतीशनगर, थाना पसराहा, जिला खगड़िया (बिहार) के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी रंजीत साहनी भी उसी गांव का रहने वाला है। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी बब्लू साहनी, निवासी मानिकपुर, थाना सूर्यगढ़ा, जिला लखीसराय (बिहार), फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में RPF, CIB, GRP तथा चाइल्ड हेल्प डेस्क के अधिकारियों और जवानों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button