Jharkhand News धनबाद में एक ही नंबर की दो कारें मिलने से सनसनी, फर्जी नंबर प्लेट की आशंका
'एक नंबर-दो गाड़ियां' ने बढ़ाई पुलिस की चिंता, वाहन रैकेट के एंगल से जांच शुरू

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: जिले में एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो अलग-अलग कारें मिलने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह फर्जी नंबर प्लेट का खेल है, दस्तावेजों में हेराफेरी का मामला है या फिर इसके पीछे कोई संगठित वाहन रैकेट सक्रिय है। जानकारी के अनुसार, जामाडोबा को-ऑपरेटिव कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार सिंह को उनके चालक ने सूचना दी कि पुटकी थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई बैंक के पास उनकी कार के समान रजिस्ट्रेशन नंबर वाली दूसरी कार खड़ी है। सूचना मिलते ही मुकेश कुमार सिंह ने जोड़ापोखर थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद जोड़ापोखर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुटकी थाना को सूचित किया। पुलिस दोनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन, चेसिस नंबर, इंजन नंबर और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि असली और फर्जी वाहन की पहचान की जा सके। वाहन मालिक मुकेश कुमार सिंह ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि कोई अन्य व्यक्ति उनकी गाड़ी का नंबर इस्तेमाल कर अपराध करता है, तो कानूनी परेशानी उन्हें झेलनी पड़ सकती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला फर्जी नंबर प्लेट का है, दस्तावेजों में गड़बड़ी हुई है या किसी तकनीकी त्रुटि के कारण ऐसी स्थिति बनी है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।



Subscribe to my channel