Chhattisgarh News हरदी-भैंसतरा मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा ने ली युवक की जान, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
अकलतरा। हरदी-भैंसतरा मार्ग पर सोमवार रात लगभग 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरदी निवासी प्रमोद सोनवानी (पिता- सीताराम सोनवानी) की तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना में शामिल हाइवा श्री मिनरल्स हरदी-भैंसतरा गिट्टी खदान में परिवहन कार्य में लगा हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क की क्षमता लगभग 20 टन भार वहन की है, उस पर 40 से 45 टन तक ओवरलोड हाइवा धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार जिला कलेक्टर कार्यालय एवं एसडीएम अकलतरा को लिखित शिकायत देकर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी लापरवाही का परिणाम है कि एक निर्दोष युवक की जान चली गई।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक अपने पीछे दो छोटी पुत्रियों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद न तो ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई गई और न ही खदान एवं क्रेशर संचालन की प्रभावी जांच की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन और संबंधित विभाग कार्रवाई करते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि क्रेशर संचालक स्वयं को सत्ता से जुड़े प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए शिकायतकर्ताओं पर दबाव बनाने का प्रयास करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा ओवरलोड वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। अब क्षेत्रवासियों का सवाल है कि आखिर प्रशासन और संबंधित विभाग कब जागेंगे? क्या और निर्दोष लोगों की जान जाने के बाद ही ओवरलोड वाहनों और नियमों की अनदेखी पर प्रभावी कार्रवाई होगी?




Subscribe to my channel