Jharkhand News फायर सेफ्टी में लापरवाही पर प्रशासन का शिकंजा, कई कोचिंग संस्थानों पर लगी रोक
एसडीएम के नेतृत्व में औचक जांच, सुरक्षा मानक पूरे होने तक कई कोचिंग सेंटर बंद

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद, 24 जून 2026 :
छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिटी सेंटर एवं सरायढेला क्षेत्र स्थित कई बड़े और छोटे कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। इस दौरान अनेक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्थानों को आवश्यक सुरक्षा मानक पूरे होने तक संचालन बंद रखने का निर्देश दिया।

इस संबंध में संस्थान संचालकों से लिखित आश्वासन भी लिया गया। जांच में पाया गया कि कई कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी तथा आपातकालीन निकास द्वार का भी अभाव था। कई स्थानों पर क्षमता से अधिक छात्रों को एक साथ बैठाया जा रहा था, जबकि कक्षाओं में वेंटिलेशन की भी गंभीर कमी पाई गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने कई संस्थानों से छात्रों को तत्काल बाहर निकलवाया और सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक संबंधित संस्थान जिला अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त कर सभी आवश्यक मानकों को पूरा नहीं कर लेते, तब तक वहां शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकेंगी। अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

व्यावसायिक लाभ के लिए बच्चों के जीवन को जोखिम में डालने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने सभी कोचिंग संचालकों से शीघ्र सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान में जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय झा, अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार, जिला अग्निशमन पदाधिकारी लक्षण प्रसाद, नगर निगम एवं विद्युत विभाग के पदाधिकारी, जिला सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार मिश्रा तथा संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




Subscribe to my channel