ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News सहकारिता से जुड़ेंगे 10 लाख किसान, सदस्यता अभियान में तेजी लाने के निर्देश

अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने छतरपुर जिला सहकारी बैंक की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने मंगलवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित छतरपुर के प्रधान कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सहकारिता से किसानों को जोड़ने, ऋण वितरण, खाद उपलब्धता और सदस्यता अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक कृषकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में चल रहे सदस्यता वृद्धि अभियान की समीक्षा करते हुए श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपेक्स बैंक द्वारा 14 अप्रैल से 30 जून 2026 तक प्रदेशभर में 10 लाख किसानों को सहकारिता से जोड़ने के लिए विशेष सदस्यता महाअभियान चलाया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि किसानों से 500 रुपये अंश पूंजी एवं 100 रुपये सदस्यता शुल्क लेकर उन्हें सहकारी संस्थाओं का सदस्य बनाया जाए, जिससे वे शून्य प्रतिशत ब्याज ऋण सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने जिला बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। श्री यादव ने खरीफ 2026 के लिए किसानों को प्राथमिक समितियों के माध्यम से ऋण वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि कृषकों को समय पर ऋण एवं खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने पाए और समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। बैठक में ऋण वसूली की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि बैंक की मजबूती और सहकारी आंदोलन के सतत विकास के लिए ऋण वसूली के प्रयासों को भी गति देना आवश्यक है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छतरपुर के प्रशासक करूणेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 28 जून तक प्रत्येक इकाई को दिए गए लक्ष्य के अनुसार 50 से अधिक किसानों को सदस्य बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। बैठक के अंत में अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव का बैंक प्रबंधन एवं बैंक कर्मचारी यूनियन द्वारा शाल-श्रीफल, बुंदेली साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। बैठक के उपरांत श्री यादव ने बैंक परिसर में अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर अपेक्स बैंक के ओएसडी अभय प्रधान, जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम शाह, मार्केटिंग अधिकारी प्रमोद कुमार तिवारी सहित जिला बैंक छतरपुर के समस्त शाखा प्रबंधक एवं समिति कर्मचारी उपस्थित रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button