Madhya Pradesh News कलेक्टर की संवेदनशील पहल से दो बच्चियों का बना आधार कार्ड, शिक्षा और योजनाओं का रास्ता हुआ फिर आसान
जिला पंचायत सीईओ ने सौंपे बच्चियों को आधार कार्ड

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
आधार बायोमेट्रिक अद्यतन प्रक्रिया में हुई तकनीकी त्रुटि के कारण आधार कार्ड निरस्त होने से परेशान दो बच्चियों को आज आधार कार्ड सौंपे गए। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की सक्रिय पहल और जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से बच्चियों के नए आधार कार्ड जारी हो गए हैं, जिससे उनके लिए शिक्षा और शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। जानकारी के अनुसार छतरपुर तहसील के ग्राम भेलसी निवासी बालकिशन अहिरवार की पुत्रियां आरुषि और कीर्ति के आधार बायोमेट्रिक्स अद्यतन के दौरान फिंगरप्रिंट आपस में अदल-बदल होकर दर्ज हो गए थे। इस तकनीकी त्रुटि के चलते भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा नियम 27 के तहत दोनों बच्चियों के आधार कार्ड निरस्त कर दिए गए थे।

आधार कार्ड निरस्त होने के कारण बच्चियां न केवल स्कूली शिक्षा से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना कर रही थीं, बल्कि विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पा रही थीं। समस्या से परेशान होकर बच्चियों के अभिभावक जिला स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी समस्या जिला प्रशासन के समक्ष रखी। जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक राहुल तिवारी ने बताया कि यूआईडीएआई के नियम 27 के अनुसार यदि नामांकन या अद्यतन के दौरान दो व्यक्तियों के बायोमेट्रिक्स आपस में मेल खाते हैं अथवा गलत जानकारी दर्ज होती है, तो सुरक्षा कारणों से आधार को निलंबित अथवा निरस्त किया जा सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया। यूआईडीएआई राज्य कार्यालय भोपाल के मार्गदर्शन में आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों आधार रिकॉर्ड निरस्त कराए गए तथा सभी अनिवार्य दस्तावेजों के साथ बच्चियों का पुनः आधार पंजीयन एवं अद्यतन कराया गया। इसके बाद पूरी जानकारी यूआईडीएआई के क्षेत्रीय निदेशक को भेजी गई। यूआईडीएआई के क्षेत्रीय निदेशक द्वारा मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए बच्चियों के नए आधार कार्ड जारी कर दिए गए। आधार कार्ड प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित परिवार से संपर्क किया तथा ग्राम सचिव के माध्यम से बच्चियों सहित माता को बुलाकर जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया द्वारा आधार कार्ड सौंपे गए। आधार कार्ड प्राप्त होने पर बच्चियों की माता ने शासन प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल दर्शाती है कि प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता से आम नागरिकों की जटिल समस्याओं का भी प्रभावी समाधान संभव है।



Subscribe to my channel