Jharkhand News तेतूलमारी थाना में मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील
मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर जोर, प्रशासन और जनता के समन्वय पर हुई चर्चा

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद/कतरास, 21 जून 2026: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को तेतूलमारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने की, जबकि संचालन मदन ठाकुर ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों, अखाड़ा कमेटियों एवं शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि पर्व को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण कायम रखा जा सकता है। बैठक के दौरान पंचमी से दसमी तक आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूस मार्ग, समय-सारिणी एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के सभी निर्धारित मार्गों का सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही अखाड़ा कमेटियों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से रूट निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नियमित गश्ती, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में अमन, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उपेंद्र प्रजापति, मोहम्मद साहिल, मोहम्मद अब्दुल्ला, मधुसूदन वर्मा, छोटू सिंह, पार्षद सियरूद्दीन अंसारी, अशोक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य संदेश रहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी सम्मान, सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना के साथ मनाया जाए तथा प्रशासन और जनता के सहयोग से तेतूलमारी क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द की मिसाल कायम की जाए।



Subscribe to my channel