कतरी नदी पर बने अस्थायी पुल का निरीक्षण, विधानसभा में गूंजेगा मामला : सरयू राय

👉कतरी नदी पर अवैध पुल निर्माण का मामला विधानसभा में उठेगा, सरयू राय ने किया निरीक्षण
👉आरके माइनिंग के अस्थायी पुल पर सरयू राय ने जताई आपत्ति, कोर्ट जाने की चेतावनी
👉भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ा खतरा, कतरी नदी के पुल का विधायक सरयू राय ने लिया जायजा
कतरास। आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों के तहत विधानसभा की उत्प्रेषित समिति के दो दिवसीय धनबाद दौरे के क्रम में रविवार को जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने अंगारपथरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत गजलीटांड स्थित कतरी नदी पर बनाए गए अस्थायी पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुल निर्माण और उस पर हो रही भारी वाहनों की आवाजाही को गंभीर चिंता का विषय बताया।
निरीक्षण के दौरान विधायक सरयू राय ने कहा कि गजलीटांड क्षेत्र में कतरी नदी पर आरके माइनिंग ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा छह पीपा पाइप डालकर अस्थायी पुल का निर्माण कराया गया है। इस पुल से लगातार भारी वाहनों का परिचालन किया जा रहा है, जिससे नदी की प्राकृतिक धारा प्रभावित होने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बिना स्थायी एवं तकनीकी मानकों के तैयार किए गए ऐसे अस्थायी पुल भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में इसे प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा ताकि संबंधित विभागों से जवाबदेही तय की जा सके।
सरयू राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो इस पूरे मामले को न्यायालय तक भी ले जाया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण एवं आम जनता के हितों की रक्षा की जा सके।
निरीक्षण के दौरान पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा, पार्षद निरुपमा देवी, उदय सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी पुल निर्माण और भारी वाहनों के परिचालन से उत्पन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
विधायक के इस निरीक्षण के बाद क्षेत्र में कतरी नदी पर बने अस्थायी पुल और उसके निर्माण की वैधता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब लोगों की निगाहें आगामी विधानसभा सत्र पर टिकी हैं, जहां इस मुद्दे के उठने की संभावना जताई जा रही है।




Subscribe to my channel