Chhattisgarh News निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक लाभ का लालच देकर 72 लाख रुपये की ठगी करने वाला आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार
थाना चिरमिरी पुलिस ने निवेश पर प्रति माह 10 प्रतिशत लाभ देने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिरमिरी निवासी अनवर मोहम्मद ने दिनांक 23.04.2026 को थाना चिरमिरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बिलासपुर निवासी विकास घोघाल (उम्र 27 वर्ष) ने क्रिप्टो करेंसी, ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं अन्य व्यवसायों में निवेश कराने के नाम पर प्रति माह 10 प्रतिशत लाभ तथा 10 माह में राशि दोगुनी करने का प्रलोभन दिया। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने विभिन्न तिथियों में अपने बैंक खातों से कुल 10 लाख रुपये निवेश किए। प्रारंभ में आरोपी द्वारा कुछ लाभ राशि लौटाई गई, लेकिन बाद में उसने 5 लाख रुपये नकद लेकर संपर्क समाप्त कर दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चिरमिरी निवासी तापस बनर्जी से आरोपी ने कुल 28 लाख रुपये तथा जॉय बंधोपाध्याय से 30 लाख रुपये निवेश के नाम पर प्राप्त किए थे। इस प्रकार आरोपी द्वारा तीनों व्यक्तियों से कुल 72 लाख रुपये की ठगी की गई। प्रकरण में थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 175/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। बैंक खातों के लेन-देन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित टीम ने दिनांक 17.06.2026 को बिलासपुर में दबिश देकर आरोपी विकास घोघाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने वर्ष 2019 में “सुखरानी ट्रेंड ट्रेवल्स” तथा वर्ष 2024 में “सुखरानी लॉजिस्टिक्स” नाम से कंपनी संचालित की थी और लोगों को अधिक लाभ का प्रलोभन देकर निवेश कराया था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने विभिन्न लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये एकत्र किए, जिनका उपयोग वाहन खरीदने एवं अन्य निजी कार्यों में किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार एवं दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
आरोपी को दिनांक 18.06.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। प्रशंसनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी विजय सिंह, एसआई रुस्तम नर्सिंग खान, पीएसआई जिजासा यादव, अर्चना ठाकुर, आरक्षक चन्द्रसेन राजपूत एवं सैनिक प्रमोद साह का विशेष योगदान रहा।




Subscribe to my channel