Uttar Pradesh News पैसों के विवाद में युवक का अपहरण, पुलिस ने सक्रियता दिखाकर सकुशल छुड़ाया

रिपोर्टर गौरव सक्सेना जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
सुलतानपुर। जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया जब एक युवक के कथित अपहरण का मामला सामने आया। पुलिस की तत्परता से युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया, जबकि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार 17 जून को कौशलेन्द्र विश्वकर्मा और शांति यादव के बीच धन के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान शांति यादव पक्ष के कुछ लोगों ने कौशलेन्द्र विश्वकर्मा को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
दोस्तपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद आरोपितों के विरुद्ध अपहरण समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि पीड़ित को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




Subscribe to my channel