Jharkhand News चुनाव आयोग की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता, धनबाद में लाखों वोटरों का सत्यापन अधूरा!

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद:जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया ने कई चौंकाने वाले आंकड़े सामने ला दिए हैं। सोमवार को प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पता चला कि धनबाद जिले के 21 लाख से अधिक मतदाताओं में से 5.77 लाख से ज्यादा मतदाताओं की अब तक मैपिंग नहीं हो सकी है। यानी करीब 73 प्रतिशत मतदाता अभी भी इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से बाहर हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार जिले में कुल 21,15,667 मतदाता हैं, जिनमें से 15,38,701 मतदाताओं का सत्यापन और मैपिंग कार्य पूरा किया गया है। वहीं 3.62 लाख से अधिक मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां भी सामने आई हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। मैपिंग की रफ्तार में टुंडी, निरसा और सिंदरी विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहे। टुंडी ने 84 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की, जबकि निरसा और सिंदरी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दूसरी ओर धनबाद और झरिया विधानसभा क्षेत्र सबसे पीछे रहे, जहां बड़ी संख्या में मतदाता अब भी मैपिंग प्रक्रिया से नहीं जुड़ पाए हैं।

रिकॉर्ड में विसंगतियों के मामले भी कम नहीं हैं। सिंदरी, निरसा और टुंडी में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां दर्ज हुई हैं। अब सभी की नजरें राज्य निर्वाचन आयोग पर टिकी हैं, जिसके निर्देश के बाद मैपिंग की अवधि बढ़ाने पर फैसला लिया जा सकता है। ऐसे में लाखों मतदाताओं के लिए आने वाले दिन बेहद अहम साबित होने वाले हैं। इससे पूर्व धनबाद जिला निर्वाचन अधिकारी सह धनबाद उपायुक्त ने SIR प्रक्रिया को लेकर बैठक सह कार्यशाला का आयोजन कर मतदाताओं को जागरूक करने काम किया था। जहां कर्मचारियों को अधिक से अधिक मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए गए थे।



Subscribe to my channel