Uttar Pradesh News नेविलगंज मार्ग निर्माण का श्रेय लेने पर विवाद, सभासदों ने जताया विरोध

ब्यूरो चीफ सागर कुमार इटावा उत्तर प्रदेश
भरथना। मुहल्ला नेविलगंज सड़क निर्माण कार्य को लेकर श्रेय की राजनीति शुरू हो गई है। सड़क निर्माण की स्वीकृति और प्रस्ताव प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका बताने वाले सभासदों ने एक निजी संगठन पर कार्य का पूरा श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। सोमवार को सभासद रोहित भंसाली के आवास पर आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि नेविलगंज मार्ग उनके वार्ड का हिस्सा है और इसके निर्माण के लिए वह वर्ष 2023 से लगातार प्रयास कर रहे थे। अधिकारियों को पत्राचार, समाधान दिवसों में शिकायतें और बोर्ड के माध्यम से प्रस्ताव रखकर सड़क निर्माण की मांग उठाई गई थी। उन्होंने बताया कि अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा के सहयोग और पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव ‘गुल्लू’ के मार्गदर्शन में सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली।

भंसाली ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान एक निजी संगठन ने स्वयं को सड़क निर्माण का मुख्य श्रेय दिलाने का प्रयास किया, जबकि वास्तविक प्रयास जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए थे। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा पहले भी कई कार्यों में दूसरों की मेहनत का श्रेय लेने की कोशिश की गई है। बैठक में मौजूद अन्य सभासदों और प्रतिनिधियों ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि संगठन वास्तव में जनहित के लिए काम कर रहा है तो उसे नगर की अन्य समस्याओं के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने किसी और के प्रयासों का श्रेय लेने की प्रवृत्ति को अनुचित बताया। वहीं पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव ‘गुल्लू’ ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए जनहित में निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण के लिए सभासद रोहित भंसाली ने बोर्ड में प्रस्ताव रखा था, जबकि संबंधित संगठन ने भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था।



Subscribe to my channel