खेत बचाओ अभियान में किसानों को दी गई फसल अवशेष प्रबंधन व आधुनिक खेती की जानकारी
खेत बचाओ अभियान में किसानों को दी गई फसल अवशेष प्रबंधन व आधुनिक खेती की जानकारी

मनकापुर (गोण्डा)। विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विकासखंड मनकापुर के ग्राम गोहन्ना एवं लमटी उकरहवा में किसान गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई।
ग्राम गोहन्ना में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान राधेश्याम ने किसानों से फसल अवशेष प्रबंधन अपनाने का आह्वान किया, जबकि ग्राम लमटी उकरहवा में ग्राम प्रधान ध्रुव कुमार सिंह ने किसानों को मृदा परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया।
कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं शस्य विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. राम लखन सिंह ने किसानों को हरी खाद की खेती, धान की सीधी बुवाई, फसल अवशेष प्रबंधन, गन्ना में खरपतवार नियंत्रण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा नैनो उर्वरकों के पर्णीय छिड़काव की तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर किसान उत्पादन लागत कम करते हुए अधिक उपज प्राप्त कर सकते हैं।
मत्स्य वैज्ञानिक डॉ. ज्ञानदीप गुप्ता ने मिश्रित मत्स्य पालन, रंगीन मछलियों के पालन तथा धान के साथ मछली पालन की तकनीकों पर प्रकाश डाला। सहायक विकास अधिकारी कृषि रविन्द्र प्रताप सिंह ने बीज भंडार एवं कृषि रक्षा इकाई पर अनुदानित कृषि निवेशों की जानकारी दी।
बीटीएम राजेश जायसवाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना तथा जल विलेय उर्वरकों के प्रयोग के बारे में किसानों को अवगत कराया। वहीं एटीएम आशीष कुमार शुक्ला ने कुसुम योजना एवं आत्मा योजना तथा कमलेंद्र सिंह ने कृषि यंत्रीकरण योजना की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में ग्राम गोहन्ना के अंगद यादव, शिवकुमार वर्मा, निरहू, मीरा देवी, राघव राम वर्मा सहित अनेक किसानों ने भाग लिया। वहीं लमटी उकरहवा में रविंद्र कुमार सिंह, गोली, सुभाष, ठाकुर सहित अन्य प्रगतिशील कृषकों ने उपस्थित होकर खेती की नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
किसान गोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक खेती अपनाकर कृषि आय बढ़ाने का आह्वान किया।




Subscribe to my channel