अलीगंज पुलिस ने नोटों की माला चोरी करने वाले 2 बदमाशों को मुठभेड़ में पकड़ा
एक बदमाश के पैर में लगी गोली
अलीगंज पुलिस ने नोटों की माला चोरी करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से पकड़ लिया गया। ये बदमाश अलीगंज और सिरौली थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की दो घटनाओं में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को सिरौली थाना क्षेत्र में पुनीत पुत्र महेंद्र ने सूचना दी थी कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी दुकान से नोटों की माला चुरा ली थी। इस संबंध में थाना सिरौली में एफआईआर संख्या 188/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसी दिन, 9 जून 2026 को ही अलीगंज थाना क्षेत्र में मोहित पुत्र शंकरलाल ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दुकान से दो व्यक्तियों ने 20 रुपये के नोटों की गड्डी और नोटों का हार काउंटर से उठा लिया और फरार हो गए। इस मामले में अलीगंज थाने में एफआईआर संख्या 135/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दोनों ही घटनाओं में एक ही बाइक और एक ही अभियुक्तों को ट्रेस किया गया।
11 जून 2026 की भोर में लगभग 3:50 बजे, अलीगंज थाना पुलिस टीम उपनिरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में अलीगंज-सिरौली मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिरौली की ओर से एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों व्यक्ति ग्राम अंतपुर को जाने वाले रास्ते की ओर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की।
अभियुक्तों ने पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख जान से मारने की नीयत से दो फायर किए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर गया। दूसरे बदमाश को भी मौके से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम साहिल मलिक पुत्र छोटे खान निवासी ग्राम बिचोटा काजी, थाना कुड फतेहगढ़, जनपद संभल बताया। दूसरे पकड़े गए बदमाश की पहचान धर्मेंद्र कुमार पुत्र रामवीर सिंह यादव निवासी ग्राम फिरोजपुर बोदा, थाना कुड फतेहगढ़, जनपद संभल के रूप में हुई।




Subscribe to my channel