Uttar Pradesh News खेल, कला और व्यक्तित्व विकास का उत्सव: एनसीएल के ‘आरोहण 2026’ में 4,700 बच्चों की सहभागिता
बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच बना एनसीएल का ‘आरोहण’

रिपोर्टर चन्द्रिका प्रसाद उत्तर प्रदेश
गर्मियों की छुट्टियों को रचनात्मकता और आत्मविकास के अवसर में बदलते हुए कोल इंडिया की सिंगरौली स्थित अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) का बहुप्रतीक्षित समर कैंप ‘आरोहण 2026’ इन दिनों सिंगरौली परिक्षेत्र में बच्चों और अभिभावकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 21 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित इस 21 दिवसीय शिविर में एनसीएल मुख्यालय सहित कंपनी की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों के कुल 4,700 से अधिक बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। आरोहण’ से निखर रही प्रतिभाएं, परिधीय समुदाय में बढ़ रहा आकर्षण वर्ष 2018 में प्रारंभ हुआ ‘आरोहण’ समय के साथ एनसीएल की एक लोकप्रिय और प्रभावशाली पहल के रूप में स्थापित हुआ है। शुरुआती संस्करण में इस शिविर में जहाँ केवल 46 कोचों के मार्गदर्शन में 1,200 बच्चों ने भाग लिया था, वहीं इस वर्ष आरोहण के सातवें संस्करण में प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर 4,700 से अधिक पहुंच गई है, जिनमें एनसीएल कर्मियों के 2,149 बच्चे तथा आसपास के क्षेत्रों से 2,569 बच्चे शामिल हैं। प्रतिभागियों की यह बढ़ती संख्या कार्यक्रम की गुणवत्ता, उपयोगिता और बच्चों के साथ साथ अभिभावकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

‘आरोहण 2026’ के अंतर्गत बच्चों को खेल, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की 13 विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल, क्रिकेट, तैराकी, जूडो, कराटे, बास्केटबॉल, स्केटिंग, संगीत एवं नृत्य तथा आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स शामिल हैं। प्रशिक्षण का संचालन एनसीएल के उन कर्मियों द्वारा किया जा रहा है जिन्होंने पब्लिक सेक्टर एवं कोल इंडिया स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ प्रेरणा भी प्राप्त हो रही है। प्रतिभागियों को उत्कृष्ट सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न खेल गतिविधियों को उन परियोजनाओं में आयोजित की जा रही हैं जहां संबंधित विधा के लिए बेहतर अधोसंरचना और कोच उपलब्ध हैं । उदाहरणस्वरूप, तैराकी का प्रशिक्षण जयंत स्थित आधुनिक स्विमिंग सुविधा में, कबड्डी ककरी में किए जा रहे हैं। ‘आरोहण’ केवल खेल और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का एक प्रभावी मंच भी है।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना, संवाद कौशल और सकारात्मक जीवन मूल्यों के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। प्रतिभा को मिला नया आसमान: एनसीएल ‘आरोहण’ के प्रतिभागियों की शानदार उपलब्धियां एनसीएल ‘आरोहण’ समर कैंप के विभिन्न संस्करणों के प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। नेपाल में आयोजित 12वीं माउंट एवरेस्ट अंतर्राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप 2026 में सात देशों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए यहाँ के बच्चों ने 2 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक एवं 3 प्रतिभागिता पुरस्कार जीते हैं । इसके अलावा, कबड्डी में सीनियर व जूनियर राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर 50 से अधिक खिलाड़ियों तथा बैडमिंटन में राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर 6 खिलाड़ियों एवं 61वीं मध्य प्रदेश एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025 में धावकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 20 पदक (5 स्वर्ण, 4 रजत, 11 कांस्य) अपने नाम किए हैं।




Subscribe to my channel