Rajasthan News वंशिका गर्ग को न्याय दिलाने के लिए अग्रवाल समाज का मुख्यमंत्री को ज्ञापन

रिपोर्टर सूरजमल वैष्णव सवाई माधोपुर राजस्थान
प्रताप नगर जयपुर निवासी कुमारी वंशिका गर्ग के साथ हुई दुःखद, संदिग्ध एवं हृदयविदारक घटना को लेकर अग्रवाल समाज बौंली ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उपखण्ड अधिकारी बौंली के माध्यम से भेजे गए इस ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी व त्वरित जांच कर दोषियों को कठोरतम दण्ड देने की मांग की गई है।
“बेटी को न्याय दिलाना नैतिक दायित्व”
ज्ञापन में कहा गया कि वंशिका गर्ग के साथ घटी घटना ने न केवल अग्रवाल समाज बल्कि पूरे जनमानस को गहरे आघात व रोष से भर दिया है। इस घटना से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। समाज ने कहा – “बेटी आज हमारे बीच नहीं है, किन्तु उसे न्याय दिलाना हम सभी का नैतिक व सामाजिक दायित्व है”।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
समाज ने आठ सूत्रीय मांग पत्र में कहा कि नामजद व संदिग्धों की शीघ्र गिरफ्तारी हो और उनके सभी संबंधों की जांच की जाए। प्रकरण की जांच पुलिस अधीक्षक या उससे ऊपर के वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में करवाई जाए। जरूरत पड़ने पर स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड बनाकर पुनः परीक्षण व मेडिकल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाए।

साथ ही CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा व अन्य तकनीकी साक्ष्य सुरक्षित रखकर जांच करने की मांग की गई। सभी भौतिक साक्ष्यों की FSL जांच कर रिपोर्ट को सार्वजनिक जांच का हिस्सा बनाया जाए। पीड़िता के परिजनों द्वारा दिए गए तथ्यों को गंभीरता से लेकर जरूरी धाराएं जांच में शामिल की जाएं। जांच की प्रगति से पीड़ित परिवार को समय-समय पर अवगत कराया जाए और उन्हें पूर्ण सुरक्षा व प्रशासनिक सहयोग दिया जाए। समाज ने यह भी मांग की कि दोषियों को किसी भी प्रकार का राजनीतिक, सामाजिक या आर्थिक संरक्षण न मिले और कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई हो। आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन के अंत में स्पष्ट किया गया कि यदि समयबद्ध व संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो समाज लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से न्याय की मांग को आगे भी उठाने के लिए बाध्य होगा। ये रहे ज्ञापन देने वाले प्रमुख लोग ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश गोयल, समाज अध्यक्ष धनश्याम मित्तल, सेवा समिति अध्यक्ष चौथमल मंगल, सीताराम मंगल, मुरारीलाल मंगल, गिरीज प्रसाद मंगल, तहसील अध्यक्ष मंजू सिंहल, मंजू गोयल, सुनीता मंगल, रीना गुप्ता, ममता गोयल सहित समस्त अग्रवाल समाज बौंली के पदाधिकारी व सदस्य शामिल रहे।




Subscribe to my channel