Madhya Pradesh News महाराजगंज में लगा राजस्व एवं जनसमस्या निवारण शिविर,ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ मौके पर समाधान।
शासन-प्रशासन पहुंचा गांव की चौपाल तक,राजस्व शिविर में दर्ज हुए दर्जनों आवेदन।

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
बड़ा मलहरा//जनसामान्य की राजस्व एवं अन्य जनहित संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम पंचायत महाराजगंज,जनपद पंचायत बड़ामलहरा में राजस्व एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर में नामांतरण,बंटवारा,सीमांकन,भू-अभिलेख सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,राशन कार्ड,पेयजल,विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों एवं शिकायतों का पंजीयन किया गया।अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए
इस अवसर पर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।शिविर में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि शासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही सुनिश्चित करना है जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया। शिविर में सरपंच जयहिंद यादव,तहसीलदार,मुख्य कार्यपालन अधिकारी,नायब तहसीलदार,खाद्य अधिकारी,अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी,ब्लॉक समन्वयक,सामाजिक सुरक्षा अधिकारी,ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।


Subscribe to my channel