Jharkhand News लोयाबाद में गैस रिसाव , विशेष शाखा ने व्यक्त की चिंता
डीसी–एसएसपी को किया अलर्ट

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
बांसजोड़ा कोलियरी की बंद खदान से गैस रिसाव, प्रशासन से त्वरित निगरानी के निर्देश धनबाद में गैस लीक का खतरा, आग प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सतर्कता तेज धनबाद। लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल की सेंद्रा बांसजोड़ा कोलियरी के बंद छह नंबर पिट से हो रहे गैस रिसाव को लेकर विशेष शाखा ने गंभीर चिंता जताई है। इस मामले में विशेष शाखा (आसूचना-1) के पुलिस अधीक्षक ने उपायुक्त एवं एसएसपी धनबाद को पत्र भेजकर तत्काल सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई की सुबह इस बंद खदान से अचानक कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव शुरू हुआ था, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। वर्तमान में रिसाव की तीव्रता कम है, लेकिन पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।

यह इलाका पहले से ही आग प्रभावित क्षेत्र माना जाता है, जहां भूमिगत 10, 11 और 12 नंबर सीम में लगी आग के कारण समय-समय पर गैस रिसाव और धुआं निकलने की घटनाएं होती रही हैं। गैस रिसाव के चलते पिट के सामने स्थित सड़क और बांसजोड़ा–लोयाबाद मुख्य मार्ग पर दरारें पड़ गई हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। स्थानीय 12 नंबर श्रमिक कॉलोनी के निवासियों के लिए यह स्थिति खतरे की घंटी बनी हुई है। हालांकि बीसीसीएल की ओर से ‘झरिया मास्टर प्लान’ के तहत पुनर्वास के लिए नोटिस जारी किया गया है, लेकिन कई लोग अब भी क्षेत्र छोड़ने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन और बीसीसीएल की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पूर्व में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण कर पुनर्वास का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अभी तक जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन विशेष शाखा की चेतावनी के बाद प्रशासनिक हलकों में सतर्कता और बढ़ा दी गई है।




Subscribe to my channel