ब्रेकिंग न्यूज़

Chhattisgarh News सामुदायिक पुलिसिंग और जनजागरूकता का असर: जांजगीर- चांपा में सड़क दुर्घटना मृत्युदर में 23% की कमी

यह लक्ष्य प्राप्त करना मीडिया और जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं था

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़

जागरूकता(जनता), कार्यवाही(पुलिस) और निगरानी(मीडिया)का परिणाम: सड़क दुर्घटनाओं में आई बड़ी गिरावट  सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का आंकड़ा घटा, जिसमें पुलिस की पहल,मीडिया की सचेतक भूमिका और जनता का सहयोग उल्लेखनीय, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले में यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे व्यापक जनजागरूकता अभियान, सामुदायिक पुलिसिंग तथा सड़क सुरक्षा संबंधी प्रभावी पहलों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मई माह तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में 23 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जिले के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में मई माह तक सड़क दुर्घटनाओं में 127 लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि में यह संख्या घटकर 97 रह गई है। यह उपलब्धि जिला पुलिस की सतत निगरानी, जनसहभागिता और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर प्रयासों का प्रतिफल है। जांजगीर चांपा पुलिस द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन संचालन से बचने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा ट्रिपल सवारी नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया।

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष फोकस यातायात पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान की गई। निरीक्षण के दौरान सड़क मरम्मत, चौक-चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण तथा दृश्यता बाधित करने वाले अवरोधों को हटाने की कार्रवाई की गई। इन सुधारात्मक उपायों से वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता उपलब्ध हुई है। जिले के प्रमुख दुर्घटनाजन्य स्थानों की पहचान करते हुए उन स्थानों पर दुर्घटना के कारणों (यथा ओवरस्पीडिंग,बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी,नशे मे वाहन चालन) के हिसाब से लक्षित प्रवर्तन कार्यवाही की गई।यह प्रयास आगे भी सतत् जारी रहेगा। ड्रिंक एंड ड्राइव कार्यवाही पर जीरो टॉलरेंस जिला पुलिस द्वारा नशे मे वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही में विशेष ध्यान देते हुए विगत 5 माह में 318 वाहन चालकों के विरुद्ध 185 MV एक्ट की कार्यवाही की गयी है। मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी लगाने की अभिनव पहल राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात्रिकालीन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान घुमंतू मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां लगाई जा रही हैं। रात के समय वाहन की रोशनी पड़ने पर ये पट्टियां दूर से दिखाई देती हैं, जिससे वाहन चालक समय रहते मवेशियों को देख सकते हैं और दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है। इस अभिनव पहल में आम जनता का भी सकारात्मक सहयोग होने से दुर्घटनाओं में कमी परिलक्षित हुई है।

जनसहभागिता से मिल रही सफलता जिला पुलिस का मानना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी केवल पुलिस कार्रवाई का परिणाम नहीं, बल्कि आम नागरिकों की बढ़ती जागरूकता और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार का भी प्रतिफल है। पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि में और अधिक कमी लाई जा सके। “सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन” के संकल्प के साथ जांजगीर-चांपा पुलिस सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करती है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button