ब्रेकिंग न्यूज़

अधूरा सड़क निर्माण बना आमजन के लिए आफत, रोज हो रही दुर्घटनाएं,धूल से लोगों का जीना दूभर,साँस लेने हो रही दिक्कत ,, राजेंद्र पटवा

बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के व्यापारी प्रकोष्ठ शहर अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने मोतीलाल नेहरू वार्ड में लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को लेकर भाजपा सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर सवाल व तंज कसते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण क्षेत्रवासियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।आए दिन सड़क पर दुर्घटनाएं हो रही हैं,जबकि उड़ती धूल के गुब्बारे के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, बच्चों एवं बुजुर्गों को सांस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। राजेंद्र पटवा ने कहा कि संबंधित वार्ड का पार्षद भाजपा से है तथा इसी वार्ड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का शासकीय कार्यालय भी स्थित है। इसके बावजूद सड़क निर्माण कार्य का शुरू होते ही लंबे समय से रुका रहना भाजपा सरकार और उनके जनप्रतिनिधियों की विफलता को उजागर करता है।जनता को विकास के बड़े-बड़े सपने दिखाने वाली भाजपा सरकार जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह असफल साबित हुई है।यह अधूरी सड़क भाजपा सरकार के झूठे वादों और विकास विरोधी चेहरे का प्रत्यक्ष प्रमाण व उदाहरण बन चुकी है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है, राहगीरों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है और आसपास के रहवासियों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। धूल के गुबार से बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों में श्वास संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन बने हुए हैं। कुल मिलाकर भाजपा सरकार में नयापारा धुलपारा में तब्दील हो चुका है।

व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा में इसे पूर्ण कराया जाए।कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी आमजन के हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ती रहेगी।राजेंद्र पटवा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इस सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों के साथ मिलकर जनहित में चक्काजाम एवं व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन एवं भाजपा सरकार की होगी।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button