ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News छाताबाद में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी, अवैध कोयला वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

कतरास के छाताबाद में गोलियों की तड़तड़ाहट, तीन घायल
अवैध कोयला कारोबार को लेकर दो गुटों में भिड़ंत, देर रात चली गोलियां
स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां, इलाके में दहशत
कोयले की काली कमाई पर कब्जे की जंग में फिर बहा खून, पुलिस अलर्ट

धनबाद/कतरास:- कोयलांचल में अवैध कोयला कारोबार को लेकर चल रही वर्चस्व की लड़ाई एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के पास बुधवार की देर रात करीब एक बजे दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इस घटना में तीन लोगों को गोली लगने की सूचना है, जिससे पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात स्कॉर्पियो वाहन पर सवार कुछ लोग छाताबाद मैदान की ओर से पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद भवन के समीप पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि दूसरे पक्ष ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा।
घटना में मो. तौसिफ और नीतीश कुमार यादव समेत तीन लोग घायल हो गए। मो. तौसिफ के कंधे में गोली लगी है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है। वहीं नीतीश कुमार यादव के जांघ में गोली लगी है, जिसका इलाज निचितपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में चल रहा है। तीसरे घायल की पहचान और स्थिति को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में गोलीबारी हुई, उसके समीप एक आउटसोर्सिंग परियोजना संचालित होती है। यहां लंबे समय से चोरी के कोयले को साइकिल और बाइक के जरिए लाकर बड़े पैमाने पर डंप किया जाता है और बाद में ट्रकों के माध्यम से बाहर भेजा जाता है। इसी अवैध कारोबार में हिस्सेदारी और वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष मार्च महीने में भी इसी विवाद को लेकर मनोज यादव नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बावजूद इलाके में अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तथा कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button