ब्रेकिंग न्यूज़

गडिया डोगरी पहाड़ी में तेंदुए का खूनी हमला, 55 वर्षीय ग्रामीण की मौत शौच के लिए गए ग्रामीण को 200 मीटर तक घसीट ले गया तेंदुआ, जैतपुरी क्षेत्र में दहशत

नगरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत जैतपुरी पंचायत के ग्राम कोडमुड में तेंदुए के हमले से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गडिया डोगरी पहाड़ी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां दो दिन पहले हुए इस हमले के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोडमुड निवासी चैतु राम मंडावी (55 वर्ष) पिता सरदू राम मंडावी गांव के पास शौच के लिए गए हुए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ हमला करने के बाद चैतु राम को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।

काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान जंगल क्षेत्र में ग्रामीण का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर था और अक्सर गडिया डोगरी पहाड़ी तथा जंगल क्षेत्र में अकेले घूमता रहता था। घटना वाले दिन भी वह अकेले पहाड़ी की ओर चला गया था।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और पुलिस अमला मौके पर पहुंचा तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल और सुनसान इलाकों में अकेले नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने, तेंदुए की निगरानी बढ़ाने और गांव के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे जैतपुरी पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button