Uttar Pradesh गैंगस्टर एक्ट में वांछित 4 अभियुक्त गिरफ्तार, बिजली मोटर पम्प चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
गैंगस्टर एक्ट में वांछित 4 अभियुक्त गिरफ्तार, बिजली मोटर पम्प चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

मनकापुर, गोण्डा।
थाना मनकापुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली मोटर पम्प चोरी करने वाले गिरोह के चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को ग्राम लमती उकरहवा से दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक एवं क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष मनकापुर गौरव सिंह तोमर ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुल्लू उर्फ बब्लू के नेतृत्व में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो विभिन्न क्षेत्रों में बिजली मोटर पम्प चोरी कर अवैध धन अर्जित करता है। गिरोह के सदस्य चोरी की घटनाओं से समाज में भय एवं आतंक फैलाते थे।
पुलिस जांच में गिरोह का कृत्य उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 3(1) के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर गैंगचार्ट तैयार कर मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने गैंग लीडर कुल्लू उर्फ बब्लू सहित लवकुश, राजन एवं कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुल्लू उर्फ बब्लू पुत्र गुरदेव निवासी कटहर बुटहनी, लवकुश पुत्र स्वामीनाथ निवासी लमती उकरहवा, राजन पुत्र रामकेवल निवासी लमती उकरहवा तथा कन्हैया पुत्र रामकेवल निवासी लमती उकरहवा थाना कोतवाली मनकापुर जनपद गोण्डा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध मनकापुर एवं छपिया थानों में चोरी तथा आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी गौरव सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल अखिलेश सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार यादव, आरक्षी सालिकराम तथा आरक्षी संदीप कुमार शामिल रहे।



Subscribe to my channel