ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand अवैध खनन के खिलाफ फिर फूटा महिलाओं का गुस्सा, झाड़ू लेकर सड़क पर उतरीं ग्रामीण महिलाएं

भू-धंसान के खतरे से दहशत में हरिजन बस्ती, प्रशासन और प्रबंधन पर मिलीभगत का आरोप

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

कतरास: तेतुलमारी थाना क्षेत्र के वेस्ट मुदीडीह हरिजन बस्ती में अवैध कोयला खनन के विरोध में सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं झाड़ू लेकर सड़क पर उतर आईं। महिलाओं ने सिजुआ-राजगंज मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। चिलचिलाती धूप में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे शक्ति चौक से नया मोड़ तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि बस्ती के समीप अवैध मुहाना खोलकर लगातार कोयला निकासी की जा रही है, जिससे पूरे इलाके में भू-धंसान का खतरा मंडरा रहा है। महिलाओं ने कहा कि अगर समय रहते अवैध खनन नहीं रोका गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन महिलाओं के उग्र विरोध को देखते हुए वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद बाघमारा पुलिस अनुमंडलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। करीब एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो सका।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि दो माह पूर्व भी टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, डीजीएमएस तथा धनबाद महापौर को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद बीसीसीएल कतरास प्रबंधन ने अवैध माइंस की भराई कराई थी, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से अवैध मुहाने खोलकर कोयला निकासी शुरू कर दी गई।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कोयला तस्करों को प्रशासन, बीसीसीएल और सुरक्षा एजेंसियों का संरक्षण प्राप्त है। विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकियां दी जाती हैं तथा जान-माल की क्षति पहुंचाने की कोशिश की जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है। लगभग सात-आठ महीने पहले भी महिलाओं ने झाड़ू लेकर सड़क पर उतरकर अवैध खनन के खिलाफ आंदोलन किया था। इसके बावजूद तेतुलमारी क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार बेरोकटोक जारी है।
सूत्रों के अनुसार तेतुलमारी थाना क्षेत्र से प्रतिदिन दर्जनों ट्रकों से अवैध कोयले की तस्करी की जा रही है। लगातार हो रहे अवैध खनन और प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button