Uttar Pradesh 90 प्रतिशत छात्रों की बैक लगने पर भड़के छात्र, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश
रामपुर। जिले के प्रार्थिगण एवं डिग्री कॉलेज के छात्रों ने परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में बैक लगाए जाने को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में आयोजित परीक्षाओं में लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थियों की बैक लगा दी गई है, जबकि किसी भी छात्र ने परीक्षा नहीं छोड़ी थी। अचानक आए इस परिणाम से छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव में हैं और अपने भविष्य को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
ज्ञापन में छात्रों ने बताया कि परीक्षा पूरी मेहनत और नियमित उपस्थिति के साथ दी गई थी, इसके बावजूद इतने बड़े स्तर पर बैक लगाए जाने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य और प्रशासन से बातचीत की तो उन्हें विश्वविद्यालय जाकर संपर्क करने की बात कही गई। इससे छात्रों में और अधिक नाराजगी फैल गई।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कई छात्रों का पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो सकता है। साथ ही छात्र-छात्राओं का पढ़ाई से मन हटने लगा है, जिससे उनके भविष्य पर भी संकट मंडराने लगा है।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में छात्रों ने निष्पक्ष जांच कराकर परीक्षा परिणाम की दोबारा समीक्षा कराने और छात्रों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की है। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की।




Subscribe to my channel