बाघमारा सीएचसी में नवजात की मौत, ऑक्सीजन कमी के आरोप पर बवाल

👉डिलीवरी के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया
👉बाघमारा अस्पताल में हंगामा, ऑक्सीजन नहीं मिलने से बच्ची की मौत का दावा
👉सीएचसी बाघमारा में नवजात की मौत पर विवाद, डॉक्टरों ने आरोपों को किया खारिज
कतरास: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा में सोमवार को एक नवजात बच्ची की जन्म के कुछ ही देर बाद मौत हो जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
खोनाठी निवासी ठाकुर महतो ने बताया कि उनकी पत्नी सरस्वती देवी की डिलीवरी सामान्य रूप से हुई थी, लेकिन जन्म के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची को तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन अस्पताल में समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे उसकी जान चली गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही बाघमारा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों से लिखित शिकायत देने को कहा, हालांकि ठाकुर महतो ने कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए केवल स्वास्थ्य विभाग को आवेदन देकर अस्पताल में भविष्य के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. श्रीनाथ ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं थी। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रोजी के अनुसार, नवजात ने गर्भ में ही मल-मूत्र निगल लिया था, जिससे उसके गले में गंभीर रुकावट उत्पन्न हो गई थी। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने बच्ची को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
Subscribe to my channel