ब्रेकिंग न्यूज़

सामुदायिक भवन विवाद: वार्ड 9 और 10 के भाजपा कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा, आंदोलन की चेतावनी भाजपा की स्थापना दिवस पर विवादित माहौल

 

धमतरी।

नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 09 एवं 10 में सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर विवाद अब राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है। लंबे समय से भवन निर्माण की मांग कर रहे वार्डवासियों ने नाराजगी जताते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से सामूहिक त्यागपत्र देने की घोषणा कर दी है।

वार्डवासियों के अनुसार, आबादी भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और विधिवत भूमि पूजन भी संपन्न हो चुका है। प्रस्तावित स्थल अंजनी चौक नगरी के पास स्थित है, जहां वर्तमान में वन विभाग का एक शासकीय भवन पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह के नाम से आवंटित है।

रहवासियों का कहना है कि पूर्व विधायक वर्तमान में उस भवन में निवास नहीं करतीं, बल्कि पिछले लगभग तीन वर्षों से वार्ड क्रमांक 01 स्थित अपने निजी आवास में रह रही हैं। केवल सुरक्षा गार्ड ही उक्त शासकीय भवन में तैनात हैं।

वार्डवासियों का आरोप है कि भूमि पूजन से पहले पूर्व विधायक ने स्वयं यह कहा था कि यदि वन विभाग को कोई आपत्ति नहीं होगी तो उन्हें भी निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन अब भूमि पूजन के बाद उनके द्वारा अधिकारियों से संपर्क कर निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जा रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि दोनों वार्ड वर्षों से भाजपा का मजबूत गढ़ रहे हैं और वे पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य करते आए हैं। बावजूद इसके, इस मामले में हो रहे व्यवहार से उनकी भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।

इसी के विरोध में वार्ड क्रमांक 09 एवं 10 के समस्त निवासियों ने भाजपा की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर सामुदायिक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Dhamtari Chhattisgarh News @ Reporter THARUN KUMAR NISHAD

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button