अवैध खनन पर सख्ती: पुटकी अंचल टास्क फोर्स की बैठक में समन्वय और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

👉पुटकी में खनन टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनन रोकने को कड़े निर्देश
👉बीसीसीएल, CISF और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर
👉अवैध खनन पर नकेल कसने की तैयारी, FIR और कार्रवाई में तेजी के निर्देश
पुटकी/लोयाबाद (धनबाद):
पुटकी अंचल अधिकारी विकास आनंद की अध्यक्षता में बुधवार को पी०बी० एरिया में अंचल स्तरीय खनन टास्क फोर्स की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुटकी अंचल अंतर्गत विभिन्न थाना एवं ओपी के प्रभारी, बीसीसीएल, टाटा जामाडोबा तथा सीआईएसएफ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अंचल अधिकारी ने बीसीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सीआईएसएफ की सहायता से संबंधित थाना एवं ओपी प्रभारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
साथ ही जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा पूर्व में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। बीसीसीएल अधिकारियों को यह भी कहा गया कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पूरी जानकारी के साथ संबंधित थाना में आवेदन दें।
वहीं सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अवैध खनन से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा बीसीसीएल सिजुआ क्षेत्र के अधिकारियों को बांसजोडा के अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अवैध खनन पर रोक लगाने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर अधिकारियों ने गंभीरता के साथ अपने-अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया।




Subscribe to my channel