कृषि विभाग के द्वारा सरसों फसल पर प्रक्षेत्र दिवस आयोजित

सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आत्मा योजना अंतर्गत ग्राम महेशपुर विकास खंड नवाबगंज जनपद गोंडा में संचालित फॉर्म स्कूल में कृषकों को खेती संबंधित जानकारी दी गई तथा सरसों फसल पर प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया । डॉ. राम लखन सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक शस्य विज्ञान कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर ने सरसों प्रजाति पी.एम.32 की विशेषताओं की जानकारी दी । उन्होंने बताया कि यह प्रजाति भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2021 में विकसित की गई है । फसल लगभग 140 दिन में पककर तैयार होती है । दाना में तेल की मात्रा 36 से 38% होती है और इसकी उपज 10 कुन्तल प्रति एकड़ प्राप्त हो जाती है । प्रगतिशील कृषक कृष्ण कुमार के प्रक्षेत्र पर लगाई गई सरसों की फसल बहुत अच्छी है । फसल में यूरिया,डीएपी,म्यूरेट आफ पोटाश के अलावा सल्फर का भी प्रयोग किया गया है । कृषि वैज्ञानिक ने सरसों की वैज्ञानिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती,हरी खाद उत्पादन तकनीक आदि की जानकारी दी । वीरेंद्र कुमार यादव बीटीएम ने कृषि विभाग द्वारा जनपद में संचालित योजनाओं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, कृषि निवेशों में देय अनुदान आदि की जानकारी दी । इस अवसर पर प्रगतिशील कृषकों राजू यादव, केदारनाथ,शैलेश राकेश, श्रीमती सीमा यादव आदि ने प्रतिभाग कर खेती की तकनीकी जानकारी प्राप्त की ।

Subscribe to my channel