ब्रेकिंग न्यूज़

आईसीसी के दबाव में झुका पाकिस्तान, भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने को हुआ तैयार

टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का ऐलान करने वाला पाकिस्तान आखिरकार अपने फैसले से पीछे हट गया है। आईसीसी और अन्य क्रिकेट बोर्डों के चौतरफा दबाव के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने पर सहमति जता दी है।

दरअसल, पाकिस्तान ने पहले घोषणा की थी कि वह टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा तो लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा। पाकिस्तान का यह रुख बांग्लादेश के समर्थन में सामने आया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया था और अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग रखी थी।

हालांकि, आईसीसी द्वारा समझाने के बावजूद बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा, जिसके बाद आईसीसी ने कड़ा कदम उठाते हुए उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया। इस पूरे विवाद में पाकिस्तान पर बांग्लादेश को फैसले से पीछे नहीं हटने देने का आरोप भी लगा।

बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान ने पहले तो अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया, लेकिन इसके बावजूद भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की बात दोहराई। इस पर आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी और साफ कहा कि मैच नहीं खेलने पर गंभीर कार्रवाई हो सकती है।

इस बीच, मेजबान श्रीलंका ने भी पाकिस्तान को पत्र लिखकर बताया कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं होने से उसे भारी आर्थिक और प्रतिष्ठा संबंधी नुकसान उठाना पड़ सकता है। श्रीलंका ने 2009 के आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान का साथ देने की बात याद दिलाते हुए नैतिक दबाव भी बनाया।

इसके अलावा, यूएई क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की और कहा कि इस मुकाबले के रद्द होने से क्रिकेट जगत को भारी वित्तीय नुकसान होगा, जिसका असर खासकर सहयोगी देशों पर पड़ेगा।

सबसे अहम दबाव तब बना जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम खुद पाकिस्तान पहुंचे और सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान से क्रिकेट के बड़े हित को देखते हुए भारत के खिलाफ मैच खेलने की अपील की।

आईसीसी और विभिन्न क्रिकेट बोर्डों के लगातार दबाव के बाद पाकिस्तान ने आखिरकार भारत के खिलाफ मैच खेलने का फैसला कर लिया है। टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अब कोलंबो में खेला जाएगा, जिस पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं।

Dhanbad Jharkhand News @ Bureau Chief Mithilesh pandey

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button