बिहार
Trending

तेजस्वी यादव के दो EPIC नंबर को लेकर बवाल, चुनाव आयोग ने मांगा स्पष्टीकरण

EPIC नंबर को लेकर उठा सवाल, चुनाव आयोग ने मांगा दस्तावेज, फर्जीवाड़े की आशंका में जांच तेज

पटना: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला मतदाता सूची में उनके नाम को लेकर उठे विवाद से जुड़ा है। तेजस्वी यादव ने शनिवार को दावा किया कि सघन पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है। इसके समर्थन में उन्होंने EPIC नंबर RAB-2916120 का हवाला दिया।

हालांकि, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस नंबर को खारिज करते हुए बताया कि चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में तेजस्वी का EPIC नंबर RAB-0456228 है, जो पहले से ही 2015 और 2020 की मतदाता सूचियों में दर्ज है। तेजस्वी द्वारा प्रस्तुत किए गए नंबर का कोई रिकॉर्ड आयोग के पास नहीं है।

दो EPIC नंबर सामने आने से मचा हड़कंप

तेजस्वी यादव के दावे के बाद मामला तूल पकड़ता गया और अब यह जांच के दायरे में आ गया है कि क्या नेता प्रतिपक्ष के पास दो अलग-अलग मतदाता पहचान पत्र हैं। दीघा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी ने तेजस्वी यादव को पत्र भेजकर उनके द्वारा बताए गए EPIC नंबर का विवरण और उसकी मूल प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

फर्जीवाड़े की आशंका, आयोग ने शुरू की जांच

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि तेजस्वी द्वारा दिया गया EPIC नंबर फर्जी हो सकता है। ऐसे में आयोग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह नंबर कब और किसने जारी किया, या फिर यह किसी तकनीकी त्रुटि का मामला है।

कानून सख्त, दोष सिद्ध होने पर जेल तक का प्रावधान

चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, एक व्यक्ति का एक से अधिक मतदाता पहचान पत्र बनवाना गंभीर अपराध है।

  • लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 17 और 1951 की धारा 31 के तहत ऐसा करना गैरकानूनी है।

  • दोषी पाए जाने पर एक वर्ष तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

  • इसके अलावा, यह मामला भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 417 और 420 के तहत भी दर्ज हो सकता है।

चुनाव आयोग के अधिकारी इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। तेजस्वी यादव से संबंधित सभी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। अब देखना यह है कि नेता प्रतिपक्ष इस मामले में क्या सफाई देते हैं और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।

@ State Incharge Animesh Anand

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button