उत्तराखण्डब्रेकिंग न्यूज़राज्य

Uttarakhand News हल्द्वानी में आग: शहर के बीचों बीच पान की दुकान में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे होटल में रुके यात्री

रिपोर्टर कपिल सक्सैना जिला नैनीताल उत्तराखंड

हल्द्वानी में बीती रात एक पान भंडार में भीषण आग लग गई. गनीमत रही कि आग आसपास के दुकानों में नहीं फैली. मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया. हादसे वाली जगह पर ही लोग होटल में ठहरे हुए थे, जहां धुआं भरने से यात्री जान बचाने के लिए यहां-वहां भागने लगे.

हल्द्वानी: शहर के नैनीताल रोड पर सिंधी स्वीट्स के पास पान भंडार में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई. आग लगते ही आसपास में हड़कंप मच गया. चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर अग्निशमन की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैली, नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था. दुकान स्वामी वरुण तेजवानी ने बताया कि आग से लाखों रुपए के सामान का नुकसान हुआ है. आग के चलते पास में बिजली के पोल और तार भी जलकर राख हो गए. प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग इतनी विकराल थी कि आसपास के लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. दुकान से बड़े-बड़े रेस्टोरेंट और होटल सटे थे. अगर आग होटल और रेस्टोरेंट्स तक फैल जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था. क्योंकि होटल में बहुत से यात्री ठहरे हुए थे. आग लगने के चलते होटल में धुआं फैल गया, जहां यात्रियों ने भागकर जान बचाई.

घटना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग के चलते भारी नुकसान हुआ है. समय रहते अग्निशमन की गाड़ियों से आग पर काबू पाया गया. दुकान स्वामी ने बताया कि दुकान रात करीब 12 बजे बंद करके जैसे ही घर पहुंचे, तभी उनको दुकान में आग लगने की सूचना मिली. गौरतलब है कि गर्मी के साथ-साथ आग लगने की घटनाएं भी बढ़नी शुरू हो गई हैं. शहर में पिछले 15 दिनों के भीतर अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की तीन बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. जिसमें कई दुकानें जलकर राख हो गई. ऐसे में एक बार फिर से मंगलवार रात शहर के बीचों-बीच दुकान में आग लगने की घटना सामने आई है.

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button