Madhya Pradesh News दुष्कर्म के मामले में फरार हुआ जनपद उपाध्यक्ष गिरफ्तारः पुलिस ने निवास न्यायालय में किया पेश, FIR के बाद हो गया था गायब

रिपोर्टर जितेंद्र कुमार भलावी मण्डला मध्यप्रदेश
मंडला जिले की बीजाडांडी पुलिस ने निवास जनपद उपाध्यक्ष घनश्याम सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है। घनश्याम सूर्यवंशी दुष्कर्म के मामले में करीब एक माह से फरार चल रहा था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी सूर्यवंशी को तेंदूखेड़ा दमोह से गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को बीजाडांडी पुलिस ने आरोपी को निवास न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
निवास जनपद उपाध्यक्ष घनश्याम सूर्यवंशी के विरुद्ध एक महिला ने 4 जून को बीजाडांडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में महिला ने घनश्याम सूर्यवंशी पर शादी का झांसा देकर करीब दो वर्ष तक दुष्कर्म करने के आरोप लगाया था।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने घनश्याम सूर्यवंशी के विरुद्ध धारा 376 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया। मामला दर्ज होने के बाद से ही उपाध्यक्ष सूर्यवंशी फरार चल रहा था।
दमोह के तेंदूखेड़ा से किया गिरफ्तार
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि एक महिला ने निवास जनपद उपाध्यक्ष घनश्याम सूर्यवंशी के विरुद्ध बलात्कार का आरोप लगाया था। इस पर एफआईआर दर्ज की गई थी और तभी से घनश्याम फरार चल रहा था। अब पुलिस ने उन्हें तेंदूखेड़ा दमोह से गिरफ्तार कर लिया और गुरुवार को न्यायालय में पेश किया है। जहां से उसे जेल भेजा जा रहा है।