Jharkhand News भाई जी की सियासी पारी खत्म, भाजपा ने दिया ढुलू को मौका

रिपोर्टर मिथिलेश पांडे धनबाद झारखंड
धनबाद: सिंहभाजपा में लंबी सियासी पारी खेल चुके धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह (भाई जी) की सियासी पारी अब खत्म हो गई। उम्र के आधार पर भाजपा ने पशुपतिनाथ सिंह का टिकट काट कर धनबाद से ढुलू महतो को लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है।
ढुलू महतो बाघमारा से भाजपा के विधायक हैं। लगातार तीन टर्म से बाघमारा क्षेत्र का प्रतिनिधत्व कर रहे हैं। पहली बार 2009 में बाघमारा (विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र) से विधानसभा चुनाव जीते थे। इसके बाद 2014 एवं 2019 में भी सफलता मिली। अब पार्टी ने ढुलू महतो को धनबाद से लोकसभा चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है। बाघमारा धनबाद जिले में ही पड़ता है। ढुलू महतो जेवीएम (झारखंड विकास मोर्चा) प्रत्याशी के रूप में पहली बार विधानसभा चुनाव 2009 में जीते थे। इसके बाद भाजपा में शामिल हो गए। 2014 एवं 2019 के विधानसभा चुनाव भाजपा प्रत्याशी के रूप में लड़े और जीते।
ढुलू महतो का राजनीतिक जीवन संघर्षपूर्ण रहा है। स्व. समरेश सिंह के मार्गदर्शन में ढुलू महतो ने वनांचल कांग्रेस से बहुत ही कम उम्र में राजनीति शुरू की। 2005 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में जलेश्वर महतो (तब मंत्री थे) को कड़ी टक्कर दी थी। उक्त चुनाव में ही ढुलू महतो को हारने के बाद भी राजनीतिक पहचान मिली। इसके बाद ढुलू महतो लगातार जीतते रहे।
धनबाद से ढुलू महतो के अलावा भाजपा ने चतरा लोकसभा सीट से कालीचरण सिंह और दुमका लोकसभा सीट से सीता सोरेन को प्रत्याशी बनाया है। तीनों पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। यानी भाजपा ने तीनों लोकसभा सीटों पर चौंकाया है। चतरा से सुनील कुमार सिंह का टिकट कटा, वहीं दुमका से मौजूदा सासंद सुनील सोरेन का भी टिकट काटा गया। सुनील सोरेन को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद संशोधन कर सीता सोरेन को मौका दिया गया। शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन अभी भाजपा में शामिल हुई हैं।
पार्टी एवं प्रधानमंत्री का आभार : ढुलू
धनबाद लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर ढुलू महतो ने पार्टी एवं प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया है। कहा कि गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी एवं भाजपा के तमाम नेताओं के आशीर्वाद से पार्टी ने भरोसा जताया है। धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह को अभिभावक बताते हुए कहा कि उनके सहयोग और आशीर्वाद से भाजपा धनबाद लोकसभा क्षेत्र से भारी बहुमत से जीतेगी।