Madya Pradesh News : मिहोना थाना क्षेत्र के दो गांवों में चोरों का धावा ,
तीन घरों से लाखों के जेवरात व नकदी ले उड़े चोर

जूनियर रिपोर्टर ऋषि मोहन शिवहरे भिंड म.प्र.
भिण्ड/ मिहोना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दो अलग-अलग गांवों में चोरों ने बीती रात तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात ग्राम जैतपुरा (गुढ़ा) के दो मकानों और ग्राम ररी के एक मकान में हुई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जैतपुरा (गुढ़ा) में दो घरों को बनाया निशाना:
ग्राम जैतपुरा गुढ़ा निवासी उदयवीर बघेल (39) के घर में चोरों ने दो कमरों को खंगाला। चोर वहां से दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी ब्रजबाला, दो जंजीर, छह सोने की अंगूठियां, दो करधनी, दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी तोड़िया चोरी कर ले गए। चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है। इसी गांव की छोटीबाई (45) पत्नी मानसिंह बघेल के घर में सेंध लगाकर चोर एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की हाफपेटी और 5,000 रुपये नकद समेट ले गए। कुल मशरूका लगभग 30 हजार रुपये बताया गया है।
ग्राम ररी में बुजुर्ग के घर चोरी:
ग्राम ररी निवासी बाबूराम प्रभाकर (60) के घर घुसे चोरों ने एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, एक सोने की बाली, गले का सोने का ‘ऊं’, तीन जोड़ी बिछिया, एक चांदी का चाबी का गुच्छा और नकदी पार कर दी। चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपये है।
एक ही रात में तीन घरों में हुई ताबड़तोड़ चोरियों से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची मिहोना थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




Subscribe to my channel