Madhya Pradesh News : शासकीय कन्या पी.जी. महाविद्यालय में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
शासकीय कन्या पी.जी. महाविद्यालय, छतरपुर के सभाकक्ष में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविन्दर सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.डी. चतुर्वेदी ने की। अपने संबोधन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविन्दर सिंह ने कहा कि विधिक सहायता के अभाव में कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय, राज्य, उच्च न्यायालय, जिला एवं तहसील स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लिए कानून की जानकारी आवश्यक है, क्योंकि कानून की जानकारी का अभाव किसी अपराध का बचाव नहीं हो सकता। महिलाओं से संबंधित कानूनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विष्णु प्रसाद सोलंकी ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 एवं 13 के तहत निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने वाले पात्र व्यक्तियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति, महिलाएं, बच्चे, प्राकृतिक आपदा एवं सार्वजनिक हिंसा से प्रभावित व्यक्ति तथा दो लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले नागरिक निःशुल्क विधिक सहायता के पात्र हैं। उन्होंने नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी। जिला विधिक सहायता अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र चढ़ार ने कहा कि विधिक साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में कानून, न्याय एवं न्यायिक प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करना है। उन्होंने पारिवारिक विवादों के समाधान में कानूनी जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम सहित महिलाओं के अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.डी. चतुर्वेदी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शशिकांत अवस्थी ने किया। इस अवसर पर डॉ. नीरज निरंजन, डॉ. पी.के. दीक्षित, डॉ. नेहा अवस्थी, रविशंकर द्विवेदी, श्रीमती प्रज्ञा तिवारी, आसिफ खान, कृपा शंकर त्रिवेदी सहित पैरालीगल वॉलेंटियर्स ओ.पी. कुशवाहा एवं दिनेश बरार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Subscribe to my channel