Uttar Pradesh News : वाराणसी रात में सड़क पर स्टंट कर रहे युवकों ने युवक से की मारपीट, दो रेसर बाइक सीज, मुकदमा दर्ज
ब्यूरो चीफ निखिलेश कुमार मिश्रा वाराणसी उत्तर प्रदेश
वाराणसी। शहर में देर रात सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहे युवकों ने विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना में प्रयुक्त दोनों रेसर बाइकों को कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि साजन तिराहे के पास 5 से 6 युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर प्रभारी चौकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि पीड़ित सुधांशु विश्वकर्मा, निवासी जमुनीपुर, थाना चोलापुर, सारनाथ स्थित एक अस्पताल में कार्यरत हैं। वह अपने सहकर्मी को सिगरा छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान साजन तिराहे के पास बाइक मोड़ते समय दो बाइकों पर सवार 5-6 अज्ञात युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के दौरान भीड़ एकत्र होने पर सभी आरोपी अपनी दोनों मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय में अभियोग संख्या 342/26 के तहत बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 352 एवं 351(2) में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस स्थानीय सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी कर रहे थे। इसी का विरोध करने पर उन्होंने युवक के साथ मारपीट की। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है तथा स्टंटबाजी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Subscribe to my channel