Uttar Pradesh News : फतेहपुर: 16 वर्षीय छात्रा के लापता होने पर पुलिस सक्रिय, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी
रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर। जनपद के थाना किशनपुर क्षेत्र से 16 वर्षीय बालिका के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालिका की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि 16 वर्षीय बालिका 28 जुलाई को घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की सूचना पर थाना किशनपुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि बालिका स्कूल ड्रेस और बैग के साथ घर से निकली थी। वह अपनी एक सहेली के घर कार्यक्रम में जाने के लिए कपड़े बदलने पहुंची, लेकिन सहेली की मां द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने पर वहां से चली गई। इसके बाद वह स्कूल ड्रेस और बैग के साथ किशनपुर बस स्टैंड की ओर जाती हुई सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दी, जिसका स्पष्ट फुटेज पुलिस को प्राप्त हुआ है। पुलिस ने बालिका की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बालिका की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र ही बालिका को बरामद कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to my channel