छाताबाद पुल के पास झमाडा की पाइपलाइन से छेड़छाड़, समय रहते मरम्मत से टली जलापूर्ति संकट की आशंका

असामाजिक तत्वों की हरकत से हजारों गैलन पानी बहा, झमाडा ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
धनबाद (कतरास): छाताबाद पुल के समीप सोमवार को झमाडा की पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया। पाइपलाइन टूटने से हजारों गैलन पानी लगातार बहता रहा, जिससे पानी की भारी बर्बादी हुई और आसपास के इलाकों की जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही झमाडा के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के बाद क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं होती, तो कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा सकता था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मौके पर चेतावनी बोर्ड भी स्थापित किया है। बोर्ड के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में यदि किसी ने सरकारी जलापूर्ति पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
झमाडा अधिकारियों ने आम लोगों से सरकारी संपत्ति की सुरक्षा करने और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा को नुकसान पहुंचाने वालों की जानकारी तत्काल विभाग या प्रशासन को देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि पानी की हर बूंद कीमती है और इसकी बर्बादी रोकना सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।
Subscribe to my channel