Chhattisgarh News : SECL CMD हरीश दुहान ने कुसमुंडा परियोजना का किया निरीक्षण, सुरक्षा से समझौता नहीं करने के दिए निर्देश
रिपोर्टर मनोज मानिकपुरी कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा (छत्तीसगढ़)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहान ने सोमवार को कुसमुंडा खदान क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर उत्पादन तैयारियों, मानसून प्रबंधन एवं पुनर्वास कार्यों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्पादन लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाएं, लेकिन कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास पर उच्चस्तरीय समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कोरबा कलेक्टर कुनाल दुदावत एवं अपर जिला दंडाधिकारी देवेंद्र पटेल की मौजूदगी में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुसमुंडा, गेवरा और दीपका मेगा परियोजनाओं के महाप्रबंधकों ने भूमि अधिग्रहण और भू-विस्थापितों के पुनर्वास की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। CMD हरीश दुहान ने लंबित पुनर्वास मामलों का शीघ्र एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खमरिया पुनर्वास स्थल और माइनिंग पैच का निरीक्षण
बैठक के बाद अधिकारियों की टीम ने खमरिया पुनर्वास स्थल तथा 14 नंबर डंप का निरीक्षण किया। यह स्थल खोड़री, पाली और जटराज गांवों के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए विकसित किया जा रहा है। CMD ने कहा कि प्रभावित परिवारों को समय पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना SECL की प्राथमिकता है। इसके बाद उन्होंने नीलकंठ ‘ए’ और ‘बी’ माइनिंग पैच का भी निरीक्षण किया तथा मानसून के दौरान भी कोयला उत्पादन और एक्सपोजर कार्यों की गति बनाए रखने के निर्देश दिए।


Subscribe to my channel