Uttar Pradesh News : भोपतपुरा में सड़क पर जलभराव से ग्रामीण परेशान, स्थायी समाधान की मांग

रिपोर्टर ब्रिजेश कुमार देवरिया उत्तर प्रदेश
देवरिया (उत्तर प्रदेश)। भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के ग्राम भोपतपुरा में सड़क पर जलभराव की समस्या से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा पानी के कारण पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी जलभराव के कारण काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम भोपतपुरा के ग्राम प्रधान पति ने चुनाव से पहले उत्तर टोला में नाली और पुलिया निर्माण कराने का वादा किया था, लेकिन अब तक वह वादा पूरा नहीं हुआ। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि लोकसभा और विधानसभा के जनप्रतिनिधियों ने भी आज तक इस समस्या की ओर गंभीर ध्यान नहीं दिया। फिलहाल, इस मामले में संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Subscribe to my channel